शाहजहांपुर

जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश के विरोध में सपा का जोरदार प्रदर्शन राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर आदेश वापस लेने और विद्यार्थियों के हित सुरक्षित रखने की उठाई मांग

स्वतंत्र आवाम ब्यूरो शाहजहांपुर

शाहजहांपुर मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी एवं सपा अल्पसंख्यक सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट रजनीश पांडे के माध्यम से सौंपा और ध्वस्तीकरण आदेश तत्काल निरस्त करने की मांग की।
सपा अल्पसंख्यक सभा के जिला अध्यक्ष हफीज अंसारी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान के पास एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय के भवनों को गिराने के आदेश को वापस लेने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने का आदेश शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से हजारों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, शोध कार्य और भविष्य प्रभावित होगा।
पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने प्रदेश सरकार से ध्वस्तीकरण का आदेश तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक प्रतिशोध का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय और विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा के अधिकार की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।
सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवर उल्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय के भवनों को गिराने का आदेश तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए तथा छात्र-छात्राओं के संवैधानिक और शैक्षणिक अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।
प्रदेश प्रमुख महासचिव सैयद रिजवान अहमद ने आरोप लगाया कि सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है, जिससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कार्यवाही का लोकतांत्रिक तरीके से लगातार विरोध करती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्ला सिद्दीकी, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, डॉ. दोदराम वर्मा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ज्योत्सना कश्यप, नीरज मिश्रा, लखन प्रताप सिंह, परवेज अंसारी, सरताज खान, नाजिम फारूकी, अनवर शादाब, गायत्री वर्मा, विकास चंद्र एडवोकेट, अवधेश कुमार पाल, मोनू कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर अजय शर्मा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button