शाहजहांपुर

गौवध पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता, डमरू बजाकर किया प्रदर्शन

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, ग्राम पंचायतों में नंदीशाला और गो-वाहिनी एंबुलेंस सेवा शुरू करने की उठाई मांग

स्वतंत्र आवाम ब्यूरो शाहजहांपुर

शाहजहांपुर। गौ सम्मान आह्वान अभियान के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गौ संरक्षण से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। डमरू बजाकर विरोध दर्ज कराने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए गौवध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में नंदीशाला स्थापित करने तथा गो-वाहिनी एंबुलेंस सेवा शुरू करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार को संविधान के अनुच्छेद-48 में आवश्यक संशोधन कर केंद्रीय गो सेवा एवं संरक्षण अधिनियम लागू करने तथा पृथक गोमोचन मंत्रालय के गठन की संस्तुति भेजे, ताकि पूरे देश में गौवध पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जा सके। साथ ही प्रदेश में संचालित सभी वधशालाओं के लाइसेंस निरस्त कर अवैध गौवध के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

कार्यकर्ताओं ने देशी गोवंश को केंद्र स्तर पर ‘राष्ट्रमाता’ अथवा ‘राष्ट्र आराध्या’ तथा प्रदेश स्तर पर ‘राज्य माता’ या ‘राज्य आराध्या’ का दर्जा दिए जाने की भी मांग की। उनका कहना था कि इससे गोवंश संरक्षण को संवैधानिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आधार पर और अधिक मजबूती मिलेगी।

ज्ञापन में प्रत्येक ग्राम पंचायत में नंदीशाला तथा प्रत्येक जिले में कम से कम एक आदर्श गो अभ्यारण्य या वृहद गोशाला स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर प्रत्येक 50 से 100 किलोमीटर की दूरी पर गो-वाहिनी एंबुलेंस तथा 150 से 200 किलोमीटर के अंतराल पर गोवंश के लिए ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का सुझाव दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

संगठन ने स्कूली पाठ्यक्रम में गो-विज्ञान को शामिल करने, चारे के औद्योगिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए सख्त चारा सुरक्षा कानून बनाने तथा गोचर, ओरण और वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर गोचर विकास बोर्ड के अधीन आरक्षित किए जाने की भी मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इन कदमों से निराश्रित गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रदर्शन के दौरान वंशीधर दास, पियूष पाण्डेय, विनय साहू, अंकित अवस्थी, अनूप धवन, पार्षद विपिन यादव, पंकज मिश्रा, वार एसोसिएशन के महामंत्री राजेश अवस्थी, गौ रक्षक संघ के चंद्र अजीत शर्मा, राहुल शुक्ला, अतुल रस्तोगी, रितेश गुप्ता, निशा शर्मा, प्रभात शुक्ला, छोटू शिक्षित, पुनीत पाण्डेय, अमोल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर अजय शर्मा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button