कारगिल शहीदों को एबीवीपी की भावभीनी श्रद्धांजलि, कैंडल मार्च में गूंजे ‘भारत माता की जय’ के जयघोष
शहीद पार्क से कचहरी चौराहे तक निकाला मार्च, दो मिनट का मौन रख 527 वीर शहीदों को किया नमन
स्वतंत्र आवाम ब्यूरो शाहजहांपुर

शाहजहांपुर कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) शाहजहांपुर महानगर इकाई द्वारा रविवार शाम ‘वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, राष्ट्र के नाम एक ज्योति’ कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। शहीद पार्क से शुरू हुआ यह मार्च कचहरी चौराहे तक निकाला गया, जहां कारगिल युद्ध में शहीद हुए 527 वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कैंडल मार्च में छात्र-छात्राओं और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा और जलती मोमबत्तियां लेकर देश के वीर सपूतों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वीर जवान अमर रहें” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 527 वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
जिला संगठन मंत्री संदीप सागर ने कहा कि 26 जुलाई 1999 भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। भारतीय सेना के वीर जवानों ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान का परिचय देते हुए कारगिल की दुर्गम चोटियों को दुश्मनों के कब्जे से मुक्त कराया था। उन्होंने कहा कि परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा का अमर उद्घोष “ये दिल मांगे मोर” आज भी देश के युवाओं को राष्ट्रसेवा और वीरता के लिए प्रेरित करता है। एबीवीपी का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का विकास करना है।
महानगर मंत्री आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि कारगिल विजय केवल सैन्य सफलता नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रीय एकता की ऐतिहासिक विजय है। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर का युवा राष्ट्रहित में हर चुनौती का सामना करने और आवश्यकता पड़ने पर सर्वोच्च बलिदान देने के लिए सदैव तैयार है। एबीवीपी छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानते हुए आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर प्रांत सह एसएफडी संयोजक आयुष्मान चौहान, विभाग संयोजक योगेंद्र मिश्रा, जिला संयोजक जितेंद्र पाल, जिला एसएफडी संयोजक वैभव सक्सेना, नगर मंत्री अशुतोष मिश्रा, अंशिका, अंकित, छाया, सचिन सक्सेना, विराट आर्यन, अमित, योगेश सहित विभिन्न महाविद्यालयों के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर अजय शर्मा


