जलालाबाद शाहजहांपुर

जनहित का अहम मुद्दा: सीएचसी नगरिया के जर्जर मार्ग के निर्माण की उठी मांग, नितेश कटियार ने जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

स्वतंत्र आवाम जलालाबाद शाहजहांपुर

 

जलालाबाद, शाहजहांपुर तहसील जलालाबाद (परशुरामपुरी ) निवासी नितेश कटियार ने जनहित से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नगरिया के मुख्य प्रवेश मार्ग के निर्माण की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में उत्तर प्रदेश जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही की अपील की है।
शिकायत में बताया गया है कि शाहजहांपुर रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम नगरिया के मुख्य गेट से अस्पताल परिसर एवं जच्चा-बच्चा केंद्र तक जाने वाला लगभग 100 से 150 मीटर लंबा मार्ग अत्यंत जर्जर, टूटा-फूटा और गड्ढों से भरा हुआ है। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नितेश कटियार ने शिकायत में उल्लेख किया है कि सीएचसी जलालाबाद क्षेत्र का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज और उनके परिजन उपचार के लिए आते हैं। इसी मार्ग से जच्चा-बच्चा केंद्र तक गर्भवती महिलाओं का भी आवागमन होता है, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति उनके लिए गंभीर खतरा बनी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल परिसर तक जाने वाले इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं, जिनमें बारिश के दौरान पानी भर जाता है। इसके अलावा मार्ग के आसपास नियमित साफ-सफाई न होने से गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है। गौरतलब है कि अस्पताल का निरीक्षण करने आने वाले अधिकारी भी इसी रास्ते से गुजरते हैं, इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से नितेश कटियार ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य गेट से लेकर अस्पताल परिसर एवं जच्चा-बच्चा केंद्र तक उच्च गुणवत्ता वाली सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, साथ ही मार्ग की नियमित साफ-सफाई की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों और तीमारदारों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके।
स्थानीय लोगों का भी कहना है किb अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्था तक पहुंचने वाला मार्ग बेहतर होना चाहिए। अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्यवही पर टिकी हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे का जल्द समाधान होग।

रिपोर्टर अजय शर्मा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button