दिल्ली चुनाव में मिली जीत पर क्या बोले पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (8 फरवरी) को दिल्ली चुनाव में मिली बड़ी जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि जनशक्ति सर्वोपरि! विकास की जीत हुई, सुशासन की जीत हुई। मैं दिल्ली की जनता का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने भाजपा को यह ऐतिहासिक जनादेश दिया। हम दिल्ली के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
दिल्ली चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों ने सभी को चौंका दिया है। भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल कर 48 सीटों पर बढ़त बनाई, जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और उसे एक भी सीट नहीं मिली। भाजपा की इस जीत के साथ दिल्ली में सत्ता परिवर्तन तय हो गया है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया अपनी सीटें तक नहीं बचा सके। इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। दिल्ली में यह नतीजे राजनीति की नई दिशा तय कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने BJP कार्यकर्ताओं की तारीफ की
दिल्लील विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं की तारीफ भी की। पीएम मोदी ने एक दूसरे सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि मुझे इस जीत में भूमिका निभाने वाले हर एक बीजेपी कार्यकर्ता पर गर्व है। इन कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत ही यह शानदार जीत मिली है। हम दिल्ली के विकास के लिए और तेजी से काम करेंगे।
अमित शाह ने कहा, ‘झूठ की राजनीति का अंत’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में भाजपा की जीत पर खुशी जताई और कहा – “दिल्ली की जनता ने झूठ की राजनीति को नकार दिया। उन्होंने भाजपा को विकास और सुशासन के लिए वोट दिया है।” शाह ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की हार यह साबित करती है कि लोग अब सिर्फ वादे नहीं, बल्कि काम देखना चाहते हैं। उन्होंने दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं और नेतृत्व को बधाई देते हुए कहा कि अब दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का वक्त आ गया है।